![](https://www.jalandharbreeze.com/wp-content/uploads/2023/01/WhatsApp-Image-2023-01-26-at-3.34.07-PM-1.jpeg)
जालंधर ब्रीज: पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने आज यहां 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद अपने संदेश में संविधान की महत्ता के बारे में बात करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह जागरूक होना चाहिए , संविधान की उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
![](https://www.jalandharbreeze.com/wp-content/uploads/2023/01/WhatsApp-Image-2023-01-26-at-3.54.08-PM.jpeg)
पंजाब के लोगों को राज्य के शासन- प्रशासन मजबूत करने, राज्य के विकास और समृद्धि में सक्रिय भागीदार बनने का आग्रह करते हुए, राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के लोग अपना उचित योगदान देकर पंजाब की प्रगति के लिए एक नई मिसाल पेश करेंगे।
![](https://www.jalandharbreeze.com/wp-content/uploads/2023/01/WhatsApp-Image-2023-01-26-at-3.55.04-PM.jpeg)
स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान परेड का निरीक्षण करने के बाद राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ हमारा संविधान लोकतंत्र का पवित्र ग्रंथ है जो सभी के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि संविधान का पूर्ण सम्मान करना हमारा कर्तव्य है क्योंकि संविधान किसी भी राष्ट्र की शासन व्यवस्था का मजबूत आधार होता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को संविधान के अनुसार कार्यों को लागू करना चाहिए और संविधान का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रहना चाहिए।
महान शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों को श्रद्धांजलि:
संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब को संविधान निर्माण और लागू करने में अमूल्य योगदान के लिए राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने याद करते हुए कहा कि डा. अम्बेडकर, सुभाष चंद्र बोस, वल्लभभाई पटेल, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डा राजेंद्र प्रसाद और लाखों भारतीयों ने भारत को आजाद कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिनकी वे नमन करते है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान शहीद भगत सिंह, चंद्र शेयर आजाद, करतार सिंह सराभा, मदन लाल ढींगरा जैसे कई युवा शहीद हुए, जिनके बलिदान से हमें देश प्रेम और देश सेवा की प्रेरणा लेनी चाहिए।
![](https://www.jalandharbreeze.com/wp-content/uploads/2023/01/WhatsApp-Image-2023-01-26-at-3.53.45-PM.jpeg)
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने देश की आजादी के लिए लंबे संघर्ष में पंजाब की अहम भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि पंजाब की भूमि वीर योद्धाओं की धरती है, जिनकी वीरता का अपना एक विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि पंजाब की खूबसूरत धरती पर पांच नहीं छह दरिया बहते है जिनमें से एक बलिदान की दरिया है। उन्होंने कहा कि देश को आजाद करवाने के लिए कई आंदोलन चलाए गए, जिनमें कूका आंदोलन और गदर आंदोलन शामिल है। श्री पुरोहित ने कहा कि बहादुरता पंजाबियों को विरासत में मिली है और सिख गुरुओं के बलिदान के उदाहरण पूरी दुनिया में अद्वितीय है।
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने देश की सीमाओं की एकता और अखंडता की रक्षा करने वाले वीर जवानों की चर्चा करते हुए कहा कि देश को बाहरी खतरों से सुरक्षित रखने में पंजाबियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और आज भी पंजाब के युवक-युवतियां बढ –चढ कर देश की सुरक्षा में भाग ले रहे है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने न केवल बलिदानों का इतिहास रचा बल्कि यहां के शीर्ष किसानों ने अपने अथक प्रयासों से देश में हरित क्रांति लाकर अनाज के भण्डार भरे। उन्होंने कहा कि एक समय था जब 35 करोड़ की आबादी के लिए खाद्यान्न की कमी थी और देश बाहर से अनाज आयात करने के लिए मजबूर था, लेकिन आज 135 करोड़ की आबादी के लिए न केवल प्रचुर मात्रा में अनाज है, बल्कि निर्यात भी हो रहा है जिसमें पंजाब और पंजाब के किसानों का बहुत बड़ा योगदान है।
पंजाब के 6 सरहद वाले जिलों के बारे में राज्यपाल ने कहा कि अक्सर सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी की खबरें आती रहती है जो चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि देश और अपने राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए न केवल पुलिस बल्कि हम सभी को भी सतर्क रहना चाहिए।
राज्यपाल ने लोगों से भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार हमारे लोकतंत्र, गणतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाता है जो बिल्कुल नहीं होना चाहिए। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने कहा कि पंजाब और चंडीगढ़ में तैनात करीब 350 आईएएस ,आईपीएस अधिकारियों को स्वंय पत्र लिखकर स्वच्छ, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के संकल्प को सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार की सामाजिक बुराई को मिटाने के लिए आगे आने की अपील की क्योंकि यह भी एक राष्ट्रीय सेवा है जिसमें सभी को योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब ने विदेशी साम्राज्यों से आजादी दिलाने में बड़ा योगदान दिया है और अब पंजाब के लोगों को भ्रष्टाचार और भ्रष्ट लोगों को रोकने के लिए एक उदाहरण पेश करे।
राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों और विशेष रूप से महिलाओं के सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और शैक्षिक सशक्तिकरण को एक चुनौती के रूप में लिया जाए और उन सभी के लिए एक स्वस्थ वातावरण के निर्माण पर पूरा ध्यान देना चाहिए।
इसके बाद राज्यपाल ने आई.पी.एस.अधिकारी मनिंदर सिंह व डीएसपी माधवी शर्मा के नेतृत्व में निकाले मार्च पास्ट से सलामी ली। देशभक्ति गीतों पर स्कूली छात्रों की प्रस्तुतियों का लुत्फ उठाने के बाद राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने विभिन्न क्षेत्रों में शानदार सेवाएं देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया। जिला प्रशासन ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया। राज्यपाल ने जरूरतमंद लाभार्थियों को सिलाई मशीन और ट्राईसाइकिल भी बाँटे।
राज्यसभा सदस्य व विश्व विख्यात पर्यावरणविद संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल, विधायक रमन अरोड़ा, विधायक शीतल अंगुराल, विधायक बलकार सिंह, मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ, डीजीपी गौरव यादव, डिवीजनल कमिश्नर गुरप्रीत कौर सपरा, जिला एवं सैशन जज रूपिंदरजीत चहल, एडीजीपी (ला एंड आर्डर) अर्पित शुक्ला, आईजी गुरशरण सिंह संधू, डिप्टी कमिश्नर जसप्रीत सिंह, एसएसपी देहाती स्वर्णदीप सिंह ,मुख्य इंजीनियर उत्तरी जोन पावरकाम रमेश लाल सारंगल के इलावा पंजाब एग्रो चेयरमैन मंगल सिंह, ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढ़ी, जिला योजना समिति के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह आदि मौजूद थे।
![](https://www.jalandharbreeze.com/wp-content/uploads/2023/01/WhatsApp-Image-2023-01-26-at-3.56.02-PM-1.jpeg)
जालंधर समाचार पत्रों का केंद्र:
अपने भाषण के दौरान राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने कहा कि जालंधर से संबोधन करने से लोगो के लिए सच्चाई और न्याय के लिए आवाज उठाने की उम्मीद बढ़ जाती है क्योंकि जालंधर अखबारों का केंद्र है. उन्होंने कहा कि पंजाब के इलावा अखबार पड़ोसी राज्यों में भी जाते हैं और जालंधर में कलम की ताकत है। राज्यपाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यहां का मीडिया पत्रकारिता के उच्च सिद्धांतों की योजना बनाते हुए निष्पक्षता, सच्चाई और निडरता के साथ काम करेगा और हर तरह की बुराइयों पर प्रहार करते हुए लोगों की राय और आवाज उठाएगा।
More Stories
पंजाब को मॉडल राज्य बनाने के लिए दिल्ली का अनुभव इस्तेमाल करेंगे: भगवंत मान
श्री शिवरात्रि उत्सव के अवसर पर शोभा यात्रा के रुट पर मीट की दुकाने बंद रखने के आदेश
डिप्टी कमिश्नर द्वारा बोरवैलों में बच्चों के गिरने की घटनाओं को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश